कांग्रेस प्रवक्ता ने की केदारनाथ धाम चढ़ावा चोरी, अर्द्धकुंभ और सतीकुंड निर्माण कार्यो को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने की केदारनाथ धाम चढ़ावा चोरी, अर्द्धकुंभ और सतीकुंड निर्माण कार्यो को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग

हरिद्वार, 18 जुलाई। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केदारनाथ धाम में चढ़ावा चोरी, कुंभ निर्माण कार्यो और सतीकुंड निर्माण कार्य पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। आर्य नगर चौक स्थित होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार और भ्रष्टाचार एक दूसरे के पर्याय बन गए हैं। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया है। आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि अयोध्या की तरह बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में भी एसआईटी जांच के नाम पर छोटी मछलियों को पकड़ कर बड़े मगरमच्छों को बचाया जा रहा है। इसलिए हाईकोर्ट के सीटिंग जज की निगरानी में पूरी जांच होनी चाहिए और सरकार को पिछले 10 सालों में उत्तराखंड के चारों धाम में आए दान और चढ़ावे को लेकर श्वेत पत्र जारी कर पूरी जानकारी देनी चाहिए। अर्द्धकुंभ को लेकर उन्होंने कहा कि जनता के पैसा जनता के हित में खर्च होना चाहिए। अस्थाई प्रकृति के कार्यो में भ्रष्टाचार की संभावना अधिक होती है। इसलिए स्थायी प्रकृति के निर्माण होने चाहिए। कोई भी काम बिना टेंडर के ना कराया जाए और टेंडर प्रक्रिया सीवीसी की गाइड लाइन के अनुसार हो। अर्द्धकुंभ कार्यो की निगरानी के लिए प्रशासन को अधिकारियों, सरकार और विपक्ष के लोगों शामिल कर एक मॉनिटरिंग कमेटी का गठन करना चाहिए। आलोक शर्मा ने कहा कि सतीकुंड के सौंदर्यकरण व निर्माण कार्यो को लेकर भाजपा के लोग ही सवाल उठा रहे हैं। इसलिए इस मामले में भी सरकार को श्वेत पत्र जारी कर पूरी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। बाहर की कंपनियों के बजाए स्थानीय कंपनियों और ठेकेदारों को काम दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार श्वेत पत्र जारी नहीं करती है तो कांग्रेस धरना प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी। पत्रकारवार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, मोहन राणा, राजेश मिश्रा भी मौजूद रहे।

Share This Article