Ad imageAd image

अवैध पार्किंग और यात्री सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई, 44 चालान, दो वाहन सीज

उत्तराखंड 2 Min Read
2 Min Read

अवैध पार्किंग और यात्री सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई, 44 चालान, दो वाहन सीज*

*हरिद्वार। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में कुल 42 वाहनों के विरुद्ध 44 चालान किए गए तथा दो मालवाहक वाहन सीज किए गए। कार्रवाई में 19 बसें भी शामिल रहीं।

कश्यप आश्रम, ऋषिकुल, मायापुर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले तथा नो स्टॉपिंग क्षेत्र में खड़े 19 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहन आमजन के सुरक्षित आवागमन में बाधा डालने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ाते हैं।

बसों की जांच में तीन बसों के आपातकालीन द्वार निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले तथा तीन बसों में क्षमता से अधिक यात्री पाए गए। दो बसों में अनधिकृत परिवर्तन के अतिरिक्त विभिन्न वाहनों में परमिट, कर एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों संबंधी अनियमितताओं पर भी चालान किए गए। बकाया कर, बीमा एवं फिटनेस के अभिलेखों संबंधी अनियमितताओं पर दो मालवाहक वाहन सीज किए गए।

- Advertisement -

श्यामपुर क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले सात वाहनों के चालान किए गए। अभियान में परिवहन कर अधिकारी रवीन्द्र पाल सैनी एवं परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार भी शामिल रहे।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों एवं स्वामियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, गति सीमा का पालन करने तथा यात्री सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है। आमजन की सुरक्षा एवं सुगम यातायात के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article