कीर्तिनगर बीडीसी बैठक में जनसमस्याओं पर हुई चर्चा
ब्लॉक प्रमुख अंचला खंडेवाल और प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कीर्तिनगर ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अंचला खंडेवाल की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, विद्युत व्यवस्था, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं, जिन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने जानकारी देते हुए समाधान के लिए की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया।
बैठक में विद्युत व्यवस्था के अंतर्गत कड़ाकोट पट्टी के ढूंढसिर क्षेत्र में विद्युत लाइनों की लॉपिंग-चॉपिंग कराने, खुली विद्युत लाइनों को सुरक्षित केबल से बदलने तथा पुराने विद्युत पोलों के स्थान पर नए पोल लगाने की मांग उठाई गई। यह विषय क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रमोहन सिंह चौहान और ग्राम प्रधान धारकोट राम सिंह चौहान ने रखा। वहीं, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजाकोट अंजली चौहान ने बांसवाड़ा ग्रामसभा में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की आवश्यकता बताई।

स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल ने आचरीकुंड क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग रखी। क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र न्यूली में आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का विषय उठाया। जिला पंचायत सदस्य खोला-कड़ाकोट कविता देवी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धारी और ढूंढसिर में एंबुलेंस चालकों की उपलब्धता का मुद्दा रखा, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
सड़क एवं निर्माण कार्यों के संबंध में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न मोटर मार्गों की मरम्मत, नालियों के निर्माण और सुरक्षा दीवारों की मरम्मत की आवश्यकता बताई। क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रमोहन सिंह चौहान ने धारपाया-कोठी मोटर मार्ग पर डामर, नालियों और सुरक्षा दीवारों से संबंधित कार्य कराने की मांग रखी। डागर पट्टी में लोक निर्माण विभाग की सड़कों से प्रभावित सिंचाई नहरों की मरम्मत, प्रभावित काश्तकारों को नियमानुसार मुआवजा देने तथा सुरक्षा दीवारों की मरम्मत का विषय भी बैठक में रखा गया। प्रधान संगठन के अध्यक्ष वासुदेव भट्ट ने कीर्तिनगर से नैनीसैंण तक मोटर मार्ग पर नालियों का निर्माण कराने की आवश्यकता बताई।
शिक्षा के संबंध में इंटर कॉलेज पीपलीधार में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने और आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत का विषय उठाया गया। इसके साथ ही पेयजल व्यवस्था सहित अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
ब्लॉक प्रमुख अंचला खंडेवाल ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आगामी बैठकों में विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों और उन पर की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित हों। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों पर सक्रियता से कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जिला मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें तथा विकासखंड स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान और पात्रतानुसार लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खान, ज्येष्ठ प्रमुख जगत नारायण रतूड़ी, कनिष्ठ प्रमुख प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कीर्तिनगर बीडीसी बैठक में जनसमस्याओं पर हुई चर्चा







