
परिवार के मुखिया की सटीक जानकारी से ही मिलेंगे जनगणना के सही आंकड़े: वृक्षमित्र डॉ. सोनी
स्व-जनगणना एवं जनगणना में जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
छात्र-छात्राओं से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को जनगणना में सही जानकारी देने के लिए प्रेरित करने की अपील
हरिद्वार, 28 नवंबर 2026
जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं पारिवारिक स्थिति से जुड़े सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं। जनगणना के सही आंकड़ों के लिए प्रत्येक परिवार का सहयोग और सही जानकारी देना बेहद आवश्यक है। यह बात पर्यावरणविद् एवं वृक्षमित्र डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी ने बहादराबाद के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टाटवाला में आयोजित जनगणना जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कही।
स्व-जनगणना एवं आगामी जनगणना में जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वृक्षमित्र डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी ने की। इस दौरान प्रधानाचार्य मनोज कुमार एवं राजकीय शिक्षक संघ ब्लॉक बहादराबाद के अध्यक्ष वीरपाल सिंह उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. सोनी ने कहा कि देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हमारी वास्तविक स्थिति तभी सरकारी आंकड़ों में दर्ज होगी, जब हम अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य की सही जानकारी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी जनगणना में सहयोग करने और सही जानकारी देने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर राज कुमार ने कहा कि गांव और मोहल्लों से जुड़े ऐसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों में जन-जन तक जागरूकता पहुंचाने में छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वहीं बीपी सिंह ने कहा कि सभी का प्रयास होना चाहिए कि कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए और प्रत्येक परिवार इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है और इसमें सही जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षमित्र डॉ. सोनी की अध्यक्षता में विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में दीपक कुमार, हर्षवर्धन नेगी, धर्मवीर सिंह, जसप्रीत, निधि, रितिका, जैसिका, रिया, तरुण, हिमांशु, सूरज, विकास, रिहान, संजय सहित अन्य छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राज कुमार ने किया।





