विद्यार्थियों की बुलंद आवाज ने जीता सबका दिल
***धूम सिंह मेमोरियल स्कूल में दो दिवसीय भाषण प्रतियोगिता, मेधावियों ने मारी बाजी
हरिद्वार। विचारों की धार, शब्दों की ताकत और आत्मविश्वास से लबरेज वक्तृत्व कला का शानदार प्रदर्शन धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल, सीतापुर, ज्वालापुर में देखने को मिला। विद्यालय में 27 एवं 28 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय एलोक्यूशन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी ओजस्वी अभिव्यक्ति और प्रभावशाली संवाद शैली से निर्णायकों एवं उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
विद्यालय के निदेशक मुकुल चौहान और प्रधानाचार्या साधना भाटिया की उपस्थिति में आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा छह से आठ तक के प्रतिभागियों का मूल्यांकन नेहा पंत एवं प्राची त्यागी ने किया, जबकि कक्षा नौ से बारह तक के प्रतिभागियों की निर्णायक डॉ. नीतू त्यागी एवं प्राची त्यागी रहीं।
कक्षा छह में राधिका प्रथम, लक्ष मल्होत्रा द्वितीय और अर्चित नंद तृतीय रहे। कक्षा सात में अंश खत्री ने प्रथम, याशी ने द्वितीय और कृष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा आठ में केसर प्रथम, पलक द्वितीय और दिव्यांशी तृतीय रहीं। वहीं
कक्षा नौ एवं दस की श्रेणी में मानसी पंत ने प्रथम, आयुषी गुप्ता ने द्वितीय और राधिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा ग्यारह एवं बारह की श्रेणी में कृष्णा शर्मा प्रथम, श्रीजल कटियार द्वितीय और अमन यादव तृतीय स्थान पर रहे। निदेशक मुकुल चौहान ने कहा कि
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की वक्तृत्व क्षमता को निखारने, सार्वजनिक मंच पर आत्मविश्वास बढ़ाने और तार्किक चिंतन को प्रोत्साहित करना रहा। प्रधानाचार्या साधना भाटिया ने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, स्पष्ट विचार और प्रभावशाली संवाद ही सफलता एवं नेतृत्व की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता ने साबित किया कि जब विचारों को शब्दों की ताकत और आत्मविश्वास का साथ मिलता है, तो युवा प्रतिभाएं अपनी अलग पहचान बनाती हैं।







