सीएमओ ने यात्रा मार्ग की चिकित्सा इकाईयों का किया औचक निरीक्षण

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

सीएमओ ने यात्रा मार्ग की चिकित्सा इकाईयों का किया औचक निरीक्षण

सोनप्रयाग व गौरीकुंड चिकित्सा इकाईयों में लिया स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा

सोनप्रयाग चिकित्सा इकाई में जल्द लगेगा सीसीटीवी कैमरा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने यात्रा मार्ग पर स्थित चिकित्सा इकाई सोनप्रयाग व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीकुंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा एवं आकस्मिक सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

- Advertisement -

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीकुंड के निरीक्षण में चिकित्सालय की साफ-सफाई संतोषजनक न पाए जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वहां तैनात सफाईकर्मी एवं वार्ड ब्वॉय को नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली व आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के साथ ही आकस्मिक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने को कहा। गौरीकुंड चिकित्सालय भवन की छत पर पूर्व में मोबाइल टावर स्थापित किए जाने के कारण उत्पन्न हो रही सीलन की समस्या के संबंध में सीएमओ ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित मोबाइल कंपनियों को शीघ्र पत्र प्रेषित कर मोबाइल टावर हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा इकाई सोनप्रयाग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां उपलब्ध दवाओं, आकस्मिक सेवाओं एवं अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान चिकित्सा इकाई में तैनात मेडिकल टीम ने रात्रि के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता मुख्य चिकित्सा अधिकारी के समक्ष रखी। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा कर्मियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि चिकित्सा इकाई की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर तैनात चिकित्सा टीमों को सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यात्रा ड्यूटी पर तैनात स्टॉफ की आवासीय व भोजना व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहित किया।

भ्रमण के दौरान डॉ. भुवन चंद्र एवं अवर अभियंता दीपक नेगी आदि मौजूद रहे।

- Advertisement -
Share This Article