हरिद्वार में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

उत्तराखंड 2 Min Read
2 Min Read

*हरिद्वार में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग*

हरिद्वार। जन अधिकार पार्टी (ज.) के प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भण्डारी के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार से मुलाकात कर जिले में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

हेमा भण्डारी ने कहा कि जिले में हाल के दिनों में धार्मिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन अधिकार पार्टी (ज.) किसी भी नागरिक के साथ उसकी आस्था, पहचान या समुदाय के आधार पर हिंसा अथवा उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसे कृत्य क्षेत्र की शांति और सामाजिक समरसता के लिए गंभीर खतरा हैं।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस प्रकार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सौहार्द बिगाड़ने का दुस्साहस न कर सके।

- Advertisement -

प्रदेश सचिव कुर्बान अली ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण तैयार करती हैं, जिन्हें समय रहते रोकना अत्यंत आवश्यक है।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश सचिव कुर्बान अली, ग्रामीण विधानसभा अध्यक्ष कोमल, प्रीति, अर्जुन, आदिल ठेकेदार, रिजवान ठेकेदार, शेरा मलिक, मोमिन मलिक एवं सुशील शामिल रहे।

Share This Article