टिहरी गढ़वाल
जिलाधिकारी 30 अप्रैल 2026 तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें बीएसएनएल
बीएसएनएल को आमजन को बेहतर कनेक्टिविटी देने के कड़े निर्देश
जनपद टिहरी गढ़वाल के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में जनसंचार सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कमजोर मोबाइल नेटवर्क एवं कनेक्टिविटी से संबंधित समस्याओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से विकासखण्ड भिलंगना के अंतर्गत ग्राम गंगी, पिनस्वाड़, सेमल्थ, गेवली, सेन्दुल, द्वारी, देवलंगी, मुयालगांव, गेंवाली एवं नैल बौंसला सहित अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क समस्या पर गंभीरता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनसंचार व्यवस्था का सुदृढ़ होना आपदा प्रबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में बीएसएनएल के अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों/शिकायतकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित क्षेत्रों में तकनीकी टीम भेजकर स्थलीय निरीक्षण करें तथा 30 अप्रैल 2026 तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके अतिरिक्त जिन स्थानों पर नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि नेटवर्क समस्याओं के समाधान हेतु सभी सेवा प्रदाता कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर संचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकें उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनसंचार सेवाओं में सुधार हेतु समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को बेहतर कनेक्टिविटी सुविधा प्राप्त हो सके।
बैठक में ग्राम प्रधान सेन्दुल केमरा अमित जोशी, सेमल्थ के अमित गौड़, पिनस्वाड़ के दिनेश बिष्ट, द्वारी अनुसूया देवी, नैल बौंसला कुसुम नौटियाल, धर्म सिंह जखेड़ी, सुरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बीएसएनएल के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे तथा अन्य दूरसंचार कंपनियों के प्रबंधक वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
