जिलाधिकारी के ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, जिला कार्यक्रम अधिकारी ने भेंट कीं 111 पुस्तकें

उत्तराखंड 2 Min Read
2 Min Read

जिलाधिकारी के ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, जिला कार्यक्रम अधिकारी ने भेंट कीं 111 पुस्तकें

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में जनपद रुद्रप्रयाग में संचालित ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को आमजन, अधिकारी एवं कर्मचारियों का निरंतर सहयोग मिल रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा पुस्तकालयों को ज्ञानवर्धक पुस्तकों से समृद्ध बनाना है।

इसी क्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अखिलेश मिश्रा ने अभियान में अपनी सहभागिता निभाते हुए जिलाधिकारी को 111 पुस्तकों का संग्रह भेंट किया। इन पुस्तकों में व्यक्तित्व विकास, महापुरुषों की जीवनियां, भारतीय दर्शन, विज्ञान, धर्म, पुराण, हिंदी साहित्य, सामान्य ज्ञान तथा उत्तराखंड की कला एवं संस्कृति से संबंधित महत्वपूर्ण पुस्तकें शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुस्तकें समाज की अमूल्य धरोहर हैं और इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

- Advertisement -

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अखिलेश मिश्रा ने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सकारात्मक सोच की आधारशिला होती हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर की उपयोगी पुस्तकों में से कुछ पुस्तकें समाज के लिए दान करे, तो अनेक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान ज्ञान के प्रसार के साथ-साथ पढ़ने की संस्कृति को भी मजबूत करेगा और भविष्य की पीढ़ी को बेहतर दिशा प्रदान करेगा।

अभियान के अंतर्गत प्राप्त इन पुस्तकों का उपयोग जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र-छात्राओं द्वारा अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में किया जाएगा।

Share This Article