मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के डा.सौरभ तिवारी ने किया रेक्टम टयूमर का सफल आपरेशन

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के डा.सौरभ तिवारी ने किया रेक्टम टयूमर का सफल आपरेशन
हरिद्वार, 22 जुलाई। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. सौरभ तिवारी ने रेक्टम में टयूमर के चलते गंभीर रूप से बीमार एक 58 वर्षीय मरीज का सफल ऑपरेशन कर उसका जीवन बचा लिया। प्रैस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए डा.सौरभ तिवारी ने बताया कि कोटद्वार निवासी दिनेश सिंह नेगी के मलाशय (रेक्टम) में एक बड़ा ट्यूमर था। इसके साथ ही उनकी दाईं किडनी में भी एक अलग बड़ा ट्यूमर मौजूद था। 25 दिनों तक एक अन्य अस्पताल में भर्ती रहने के बाद भी जब उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो परिजनों ने मैक्स हॉस्पिटल पहुंचकर उनसे संपर्क किया। डा.तिवारी ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद उन्हें संदेह हुआ कि मरीज की गंभीर हालत का मुख्य कारण रेक्टम में मौजूद ट्यूमर ही है। इसके बाद विभिन्न विशेषज्ञों की टीम ने मिलकर मरीज को सर्जरी के लिए तैयार करने हेतु हाई-प्रोटीन डाइट, इलेक्ट्रोलाइट्स को संतुलित करने के लिए गहन उपचार और अन्य जरूरी सहायक चिकित्सा शुरू की। पांच दिनों तक सावधानीपूर्वक सर्जरी से पहले की तैयारी के बाद मरीज का ऑपरेशन कर रेक्टम के ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। ऑपरेशन के दो से तीन दिनों के भीतर मरीज की हालत तेजी से सुधरने लगी। इसके उन्हें आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। एक सप्ताह बाद मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद अगले कुछ महीनों में उनकी दाई किडनी में मौजूद बड़े ट्यूमर को निकालने के लिए दूसरी बड़ी सर्जरी की गई। यह ऑपरेशन भी सफल रहा। आठ दिनों बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने पैतृक गांव में परिवार के साथ सामान्य जीवन जी रहे हैं। डा.सौरभ तिवारी ने बताया कि समय पर सही जांच, सोच-समझकर बनाई गई सर्जिकल योजना और विभिन्न विशेषज्ञों के संयुक्त प्रयासों से बेहद गंभीर और हाई रिस्क मरीजों का भी सफल इलाज संभव है।

Share This Article