कैंसर से बचाव संभव, समय रहते करें पहचान

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

*कैंसर से बचाव संभव, समय रहते करें पहचान*

*विश्व कैंसर दिवस पर 51 आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जागरूकता गोष्ठी आयोजित*

*तंबाकू व शराब का सेवन जैसी बुरी आदत से दूर रहने का संदेश*

विश्व कैंसर दिवस के मौके पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में जनपद के 51 आयुष्मान आरोगय मंदिरों में आयोजित गोष्ठियों में कैंसर से बचाव के लिए उसकी समय पर पहचान के लिए जागरूकता पर जोर दिया गया।

- Advertisement -

आयुष्मान आरोग्य मंदिर नगरासू में आयोजित मुख्य गोष्ठी में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पायल सिंह द्वारा कैंसर जैसी बीमारी को लेकर जागरूकता पर जोर देते हुए स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न कानूनी पहलुओं के बारे में जानकारी दी।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी ने कहा कि कैंसर खतरनाक बीमारी है, यदि समय पर उसकी पहचान कर उपचार शुरू किया जाए तो कैंसर से बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि कैंसर के लक्षणों के प्रति अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने के उद्देश्य के साथ ही प्रत्येक वर्ष 04 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस के रूप में मनाया जाता है। बताया कि जनपद में 51 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सीएचओ के माध्यम से 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मुंह के कैंसर, स्तन के कैंसर व गर्भाशय के कैंसर की निःशुल्क स्क्रीनिंग की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मुहं में चकत्ता या घाव होना, किसी जगह पर त्वचा का कड़ा हो जाना, ऐसा घाव जो एक माह से अधिक अवधि तक न भरे, मुंह खोलने में कठिनाई होना, चबाने या निगलने में कठिनाई होना मुंह के कैंसर के लक्षण हैं, वहीं, स्तनों में गांठ या सूजन होना, आकार में बदलाव, स्तन या कांख में दर्द होना आदि स्तन कैंसर के लक्षण हैं। उन्होंने कैंसर के बचाव के लिए तंबाकू एवं शराब का सेवन न करने व कैंसर की शुरूआती पहचान के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जांच कराने की अपील की। वहीं, विश्व कैंसर दिवस के मौके पर जनपद स्थित अन्य सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित जागरूकता गोष्ठियों में सीएचओं द्वारा कैंसर के लक्षणों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस मौके पर ग्राम प्रधान रंजना देवी, सीपीएचसी समन्वयक विजय रावत, सीएचओ चित्रा, अधिवक्ता यशोदा खत्री, एएनएम अनामिका पुरोहित आदि मौजूद रहे।

- Advertisement -
Share This Article