टिहरी में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा, दावे-आपत्तियों के निस्तारण में तेजी के निर्देश

उत्तराखंड 4 Min Read
4 Min Read

टिहरी में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा, दावे-आपत्तियों के निस्तारण में तेजी के निर्देश

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कल सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के संबंध में एक बैठक कलेक्ट्रेट वीसी कक्ष में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित की गयी।

विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति, नियुक्त सभी अधिकारी कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्य, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र प्रविष्टियों के निराकरण तथा प्राप्त प्रपत्रों के सत्यापन तथा दिये नोटसों पर सुनवाई संबंधी कार्यों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किये जांए।

- Advertisement -

बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव एवं आवश्यक जानकारी साझा करते हुए अपने राजनीतिक दलों द्वारा एसआईआर के तहत कराए जा रहे कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया ।

बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची के पुनरीक्षण की कार्यवाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जा रही है। प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के उपरांत अब दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों—घनसाली, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, टिहरी तथा धनोल्टी में कुल 994 मतदान केंद्र तथा 4,63,628 प्रारूप मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण के दौरान प्रारूप नामावली से 43,625 मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि बीएलओ द्वारा कुल 1,17,501 नोटिस जारी किए गए। इनमें से 92,473 नोटिस (लगभग 79 प्रतिशत) संबंधित मतदाताओं तक वितरित किए जा चुके हैं।

दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए जनपद में कुल 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। चार विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई 03 अगस्त 2026 एवं दो विधानसभा क्षेत्रों में आज 04 अगस्त 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।

एमआईआर कार्यक्रम हेतु राजनीतिक दलों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को बनी रहे ।
इसके अतिरिक्त, 14 मई 2026 से अब तक जनपद में फॉर्म-6 के 3,085, फॉर्म-6ए के 3, फॉर्म-7 के 50 तथा फॉर्म-8 के 1,462 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।

- Advertisement -

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनके नाम, पते अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है या कोई दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी है, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर समयबद्ध रूप से उसका निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि सुशील पाण्डेय, मुरारी लाल खंडवाल, गबर सिंह, जयेन्द्र पंवार, राजेन्द्र डोभाल आदि उपस्थित रहे ।

- Advertisement -
Share This Article