श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को मिला नया वित्त नियंत्रक, सीटीआरएफए उपनिदेशक हेम कांडपाल ने ऋषिकेश कार्यालय में संभाली कमान

Live 3 Min Read
3 Min Read

ऋषिकेश/देहरादून. उत्तराखंड वित्त सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और सेंटर फार ट्रेनिंग एंड रिसर्च इन फाइनेंशियल एडमिस्ट्रेशन के उपनिदेशक हेम कांडपाल ने सोमवार को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के नए वित्त नियंत्रक के रूप में अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने ऋषिकेश स्थित बीकेटीसी के ट्रांजिट कार्यालय में औपचारिक रूप से यह जिम्मेदारी संभाली। कार्यभार ग्रहण करने के बाद नए वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल ने बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि समिति की वित्तीय व्यवस्थाओं को पूरी तरह पारदर्शी, उत्तरदायी और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए संचालित चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं और मंदिर समिति की विभिन्न जनकल्याणकारी व विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में ‘वित्तीय अनुशासन’ को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। समिति की वित्तीय व्यवस्थाओं को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करना मेरा मुख्य लक्ष्य है। चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं और मंदिर समिति की योजनाओं के सफल संचालन में कड़ा वित्तीय अनुशासन बनाए रखा जाएगा।”

कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत

इससे पहले ट्रांजिट कार्यालय पहुंचने पर बीकेटीसी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए वित्त नियंत्रक का भव्य स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस मौके पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए मंदिर समिति की कार्यालय पत्रावलियों (ऑफिस फाइलों) और वर्तमान वित्तीय स्थिति के बावत महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

वरिष्ठ प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ

- Advertisement -

उल्लेखनीय है कि हेम कांडपाल उत्तराखंड वित्त सेवा के एक बेहद अनुभवी और वरिष्ठ अधिकारी हैं। वर्तमान में वह सीटीआरएफए, देहरादून में उपनिदेशक के पद पर तैनात हैं। इसके साथ ही उनके पास राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और होमगार्ड के वित्त अधिकारी का भी महत्वपूर्ण प्रभार है। जानकारों का मानना है कि उनके इस विस्तृत प्रशासनिक व वित्तीय अनुभव का लाभ वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा के सुचारू वित्तीय प्रबंधन में बीकेटीसी को मिलेगा।

इस अवसर पर मुख्य रूप से रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन‌ नैथानी, ओएसडी राकेश सेमवाल, प्रशासनिक अधिकारी रमेश नेगी, डा. हरीश गौड़, कार्यालय प्रभारी संजय भट्ट, आशुतोष शुक्ला, अनीता बर्त्वाल, दीपेंद्र रावत और बिनोद नौटियाल सहित मंदिर समिति के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article