केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी के साथ होंगे शामिल

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के साथ होंगे शामिल

* देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में 26 जून को आयोजित होगा राष्ट्रीय जागरूकता कार्यक्रम

* नशा मुक्त भारत सप्ताह का होगा समापन

* सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के बीच एमओयू पर होंगे हस्ताक्षर

- Advertisement -

अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर तथा ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के समापन के उपलक्ष्य में 26 जून 2026 को उत्तराखण्ड के हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में एक राष्ट्रीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के उपस्थित रहने की संभावना है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, विभिन्न आध्यात्मिक संगठनों के स्वयंसेवकों, उत्तराखण्ड सरकार के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय हितधारकों की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सहभागिता रहेगी। इसके अतिरिक्त देशभर के राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों, विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों, अनुदान सहायता प्राप्त संस्थानों, नशा उपचार केंद्रों तथा अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के मध्य नशा मुक्त भारत अभियान और अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होगा। इन समझौतों का उद्देश्य जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, नशे की मांग में कमी तथा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ़ करना है।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नशा मुक्ति मित्रों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हितधारकों को भी सम्मानित किया जाएगा।

- Advertisement -

अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस सरकार, संस्थानों, समुदायों एवं नागरिकों की साझा जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। नशा मुक्त भारत सप्ताह के दौरान देशभर में नशा मुक्ति मित्र पंजीकरण अभियान, सेमिनार, वेबिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, रैलियां, योग सत्र, ई-प्रतिज्ञा अभियान, हस्ताक्षर अभियान, निबंध लेखन, चित्रकला एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।

यह समापन कार्यक्रम नशा मुक्त भारत अभियान की उपलब्धियों एवं व्यापक जनसहभागिता को प्रदर्शित करने के साथ-साथ नागरिकों, संस्थानों एवं सामुदायिक संगठनों को “नशा मुक्त भारत, खुशहाल भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।

- Advertisement -
Share This Article