रुद्रप्रयाग में निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण से महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर

उत्तराखंड 2 Min Read
2 Min Read

रुद्रप्रयाग ।*रुद्रप्रयाग में निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण से महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर*

स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 35 दिवसीय निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 12 जून से किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के तीनों विकास खंडों से चयनित 35 महिलाओं एवं युवतियों को पेशेवर ब्यूटीशियन बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान रहने एवं भोजन की सभी व्यवस्थाएं संस्थान की ओर से पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। मास्टर ट्रेनर आरती पाल द्वारा प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर केयर, हेयर स्पा, फेशियल, वैक्सिंग तथा विभिन्न ब्यूटी ट्रीटमेंट्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए संस्थान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आरसेटी बेरोजगार युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनें बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम बनें।” संस्थान के प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह रावत ने प्रतिभागियों को मोटिवेशन, उद्यमिता विकास, मार्केट सर्वे एवं बिजनेस प्लानिंग जैसे विषयों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के तहत महिलाओं को बाजार सर्वे के लिए विभिन्न ब्यूटी पार्लरों में भेजा गया, जहां उन्होंने उद्यमियों से सीधे संवाद कर व्यवसाय की बारीकियां सीखी तथा मार्केट सर्वे रिपोर्ट भी तैयार की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को कौशल विकास के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे स्वयं का ब्यूटी पार्लर शुरू करने या रोजगार प्राप्त करने में सक्षम बन सकेंगी।

Share This Article