माहवारी स्वच्छता दिवस पर कार्यशाला आयोजित

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

*माहवारी स्वच्छता दिवस पर कार्यशाला आयोजित*

*महिलाओं व किशोरियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

*अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस* के अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग रुद्रप्रयाग द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी शैली प्रजापति ने कहा कि माहवारी को हीन भावना से देखने की मानसिकता समाप्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को इस विषय पर अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है ताकि महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

- Advertisement -

विशिष्ट अतिथि स्वास्थ्य विभाग की डॉ. साक्षी ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि सेनेटरी पैड हर 4 से 6 घंटे में बदलना चाहिए, जिससे संक्रमण का खतरा कम हो सके। उन्होंने ढीले कपड़े पहनने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह भी दी। कार्यशाला में डॉ. रुचिका ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं हार्मोनल परिवर्तनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म की शुरुआत के दौरान परिवार को बालिकाओं के खान-पान और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा उन्हें सेनेटरी पैड के सही उपयोग की जानकारी दी जानी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग के काउंसलर जयदीप ने महिलाओं में मासिक धर्म से पूर्व होने वाले मानसिक तनाव और चिड़चिड़ापन पर चर्चा करते हुए कहा कि इस दौरान तला-भुना एवं भारी भोजन कम करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को आयरन युक्त भोजन लेने की सलाह दी। बाल विकास परियोजना अगस्त्यमुनि की सुपरवाइजर रागनी जोशी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने किया। कार्यशाला के समापन पर सभी आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी देवेश्वरी कुंवर, राष्ट्रीय पोषण मिशन के जिला समन्वयक चाणक्य कपरुवान, सहायक सोनम भंडारी, मिशन शक्ति की जिला समन्वयक डॉ. संध्या पैन्यूली, जेंडर स्पेशलिस्ट प्रियंका उछोली, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ उदय सिंह, सहायक अकाउंटेंट प्रियांशु सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।

Share This Article