Ad imageAd image

कुंभ मेले के मद्देनजर आकर्षक कलाकृतियों से सज रही धर्मनगरी हरिद्वार की दीवारें

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

कुंभ मेले के मद्देनजर आकर्षक कलाकृतियों से सज रही धर्मनगरी हरिद्वार की दीवारें

देशभर के युवा कलाकारों को दिया जा रहा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर, हाईवे से लेकर चंडी देवी की पहाड़ियों तक उकेरी जा रहीं आकर्षक कलाकृतियां

ग्रीन कुंभ, समुद्र मंथन, रामायण, शिव लीला और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित चित्रों से दिया जा रहा भारतीय संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हरिद्वार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं कुंभ मेला अधिकारी सोनिका व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कुंभ मेले को दिव्या व भव्य रूप से आयोजित करने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के स्वागत के लिए शहर की दीवारों को आकर्षक कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। हाईवे की दीवारों से लेकर चंडी देवी की पहाड़ियों तक देशभर से पहुंचे युवा कलाकार अपनी कला के रंग बिखेर रहे हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देखने को मिलेगा।
कुंभ मेले के दृष्टिगत शहर के सौंदर्यीकरण के लिए मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (एमएफए) एवं बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को इस अभियान से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने तथा महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान में बड़ी संख्या में छात्राएं भी उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रही हैं।
देश के विभिन्न राज्यों से युवा कलाकार हरिद्वार पहुंचकर शहर की दीवारों को अपनी कलाकृतियों से नया स्वरूप दे रहे हैं।
कलाकारों द्वारा ग्रीन कुंभ का संदेश देने के साथ ही साधु-संतों, समुद्र मंथन, हरकी पैड़ी, महाकुंभ, रामायण, भीम लीला, शिव लीला एवं सती प्रसंग जैसे धार्मिक और पौराणिक विषयों पर आधारित चित्र उकेरे जा रहे हैं। इन चित्रों के माध्यम से भारतीय धर्म, संस्कृति, पौराणिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस पहल से जहां कुंभ नगरी हरिद्वार की सुंदरता और आकर्षण में वृद्धि होगी, वहीं देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा। साथ ही युवा कलाकारों, विशेषकर छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध होने के साथ ही कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा।

- Advertisement -

Share This Article