
सिडकुल में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, 45 भारी वाहनों के चालान
हरिद्वार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में अवैध पार्किंग की शिकायतों तथा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा द्वारा संयुक्त रूप से सिडकुल क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर बेतरतीब खड़े होकर यातायात बाधित करने वाले 45 भारी वाहनों के चालान किए गए तथा उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की गई।
सिडकुल क्षेत्र में भारी वाहनों एवं आमजन की निरंतर आवाजाही के बीच अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होता है तथा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। आम नागरिकों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए वाहन चालकों एवं स्वामियों को निर्धारित अथवा अधिकृत पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि उल्लंघन की पुनरावृत्ति रोकने एवं प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चालान के साथ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की गई है। ब्लैकलिस्ट प्रविष्टि प्रभावी रहने पर वाहन की फिटनेस एवं अन्य विभागीय सेवाएं लागू नियमों और पोर्टल व्यवस्था के अनुसार प्रभावित हो सकती हैं।
परिवहन विभाग ने ट्रांसपोर्टरों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों से वाहनों की समुचित पार्किंग सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोबारा उल्लंघन पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।





