देहरादून : संसार के सभी जीवों का हिसाब रखने वाले भगवान चित्रगुप्त की कथा और गंगा आरती को लेकर इस वर्ष फिर एक बार भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह 31 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे तीन दिवसीय कार्यक्रम को हरिद्वार के भूपतवाला में चित्रकूट आश्रम में किया जा रहा है। वैसे तो कार्यक्रम को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से किया जा रहा है, लेकिन इसमें सभी समाज के लोग सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम में 1 नवंबर को 3 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद 5 बजे गंगा तट (चित्रकूट घाट) पर भव्य आरती और 7 बजे भगवान चित्रगुप्त की कथा का वाचन रहेगा। जिसे वृंदावन से आये चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी श्री सचिदानंद महाराज कथा का वाचन करेंगे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष व पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय भी रहेंगे। कार्यक्रम में भजन, कथा के साथ जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा, साथ ही प्रसाद वितरण भी रहेगा। जिसमें बड़ी संख्या में आकर आमजन स्वास्थ्य लाभ ले सकते हैं। कार्यक्रम को लेकर कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत देवभूमि उत्तराखंड से साल 2024 में ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन आश्रम से शुरू हुई थी, जो बीते वर्ष हरिद्वार में की गई और इस वर्ष भी हरिद्वार में माँ गंगा के तट पर चित्रकूट घाट के निकट चित्रगुप्त आश्रम में इसका भव्य रूप से आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में वैसे तो देशभर से ही श्रद्धालुओं का आना रहेगा, लेकिन कार्यक्रम की भव्यता, दिव्यता को देखते हुए इसमें दुबई , सिंगापुर से भी लोगों का आगमन रहेगा। जिसमें अभी तक करीब डेढ़ हजार लोगों के रजिस्ट्रेशन भी किए जा चुके हैं। इस तीन दिवसीय धार्मिक, सांस्कृतिक ओर समाजसेवा से जुड़ने के लिए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने सभी को बड़ी संख्या में आकर कार्यक्रम को और भव्य रूप देने के आह्वान भी किया।







