देहरादून के गुरु नानक मैदान में 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘भव्य रामलीला महोत्सव 2026’ का शुभारंभ शुक्रवार को घंटाघर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।
पुरानी टिहरी की 1952 से चली आ रही ऐतिहासिक रामलीला को पुनर्जीवित करने वाली इस यात्रा में गढ़वाल के ढोल-दमाऊं, जौनसार के रणसिंगा, कुमाऊं के छोलिया नृत्य, भव्य झांकियों और घोड़े-बग्गी का अद्भुत संगम देखने को मिला। मार्ग में लगभग 11 स्थानों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
समिति के अध्यक्ष अभिनव थापर ने बताया कि इस वर्ष रामलीला मंचन और मेले के साथ-साथ डिजिटल लाइव प्रसारण (1 करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य) की भी विशेष व्यवस्था की गई है। महोत्सव के पहले दिन यानी 11 अक्टूबर को शाम 6 बजे ‘पंचतत्व बैंड’ का विशाल कॉन्सर्ट मुख्य आकर्षण रहेगा, जबकि 20 अक्टूबर को पारंपरिक पुतला दहन किया जाएगा।







