देहरादून में अक्षय पात्र फाउंडेशन ने धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

Live 1 Min Read
1 Min Read

देहरादून के शुद्धोवाला स्थित अक्षय पात्र फाउंडेशन परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। क्लस्टर हेड वेंतय दास जी के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के मनमोहक दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेश की समृद्धि की कामना की।जन्माष्टमी के इस विशेष अवसर पर पूरा परिसर ‘राधे-राधे’ और ‘हरे कृष्ण’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं के लिए भगवान के दर्शन के साथ-साथ उन्हें झूला झुलाने की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। देर शाम तक भक्तों के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा। आयोजित भजन-कीर्तन में श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण की भक्ति का आनंद लिया और भजनों की मधुर धुनों पर देर रात तक झूमते नजर आए। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ ही यह धार्मिक कार्यक्रम अपने चरम पर पहुंच गया। कान्हा के जन्म लेते ही पूरा परिसर जयकारों और उल्लास से सराबोर हो गया। इसके बाद भगवान बाल-गोपाल को मिश्री-माखन का भोग लगाया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

Share This Article