लक्ष्मण झूला क्षेत्र से 3 टन कचरा साफ, अब पूरे ऋषिकेश को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

लक्ष्मण झूला क्षेत्र से 3 टन कचरा साफ, अब पूरे ऋषिकेश को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य

ऋषिकेश। शिवा गंगा क्लीनिंग ट्रस्ट ने अपनी स्थापना (फरवरी 2026) के बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए लक्ष्मण झूला क्षेत्र से अब तक लगभग 3 टन कचरा साफ किया है। यह सफाई अभियान राम झूला से मोक्ष धाम तक के क्षेत्र में चलाया गया।

ट्रस्ट के स्वयंसेवक हर रविवार को एकत्र होकर सफाई अभियान चलाते हैं। वे दस्ताने और थैले लेकर नदी किनारों व आसपास के क्षेत्रों में फैले प्लास्टिक कचरे, शराब की खाली बोतलों, पुराने कपड़ों और सिगरेट के टुकड़ों को इकट्ठा करते हैं। यह कार्य भले ही आसान या आकर्षक न हो, लेकिन शहर की स्वच्छता के लिए बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या के साथ-साथ कचरे की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। गंगा तट, घाट और आसपास के मार्ग इस बढ़ते प्रदूषण का असर झेल रहे हैं।

इसी क्रम में ट्रस्ट द्वारा हाल ही में लक्ष्मण झूला स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों ने प्रदूषण विषय पर चित्र बनाए और शहर को स्वच्छ रखने के उपायों पर चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों में अपने शहर और गंगा के प्रति जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली।
ट्रस्ट का कहना है कि “यह देवभूमि है और गंगा हम सभी की साझा धरोहर है। इसे स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।” संस्था ने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और पर्यटकों से अपील की है कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और कूड़ेदान का उपयोग करें।
इस अभियान में प्रदीप, क्लेयर, मुस्कान, जयेश, आरती जी, मानव, पुनीत, अनीता जी सहित कई स्वयंसेवक सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।

- Advertisement -

ट्रस्ट ने आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा है कि इच्छुक लोग हर रविवार को सफाई अभियान में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इंस्टाग्राम (@shivagangacleaningtrust) और व्हाट्सएप समूह के माध्यम से जुड़ा जा सकता है।

Share This Article