Ad imageAd image

जय बदरीविशाल के जयकारों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट, 23 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

धर्म 3 Min Read
3 Min Read

बदरीनाथ। वैदिक मंत्रोच्चार, सेना के बैंड की धुन और जय बदरीविशाल के गगनभेदी जयकारों के बीच सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए। कपाट बंद होने के मौके पर पूरा धाम फूलों से सजाया गया था। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु भगवान नारायण के अंतिम दर्शन के लिए कतार में लगे थे। कपाट बंद की प्रक्रिया बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने संपन्न कराई। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठीगण ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। बीते रविवार को बारिश और बर्फबारी से धाम में ठंड बढ़ गई थी, लेकिन सोमवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। आसपास की पहाड़ियों पर जमी बर्फ ने नजारा और भी मनमोहक बना दिया। कपाट बंद से पहले ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर खुला। अभिषेक और श्रृंगार के बाद सामान्य दर्शन शुरू हुए। दिन में भोग लगा और शाम को पूजाएं संपन्न हुईं। रात 8 बजे से कपाट बंद की सभी प्रक्रियाएं शुरू हुईं। रावल जी स्त्री रूप धारण कर मां लक्ष्मी जी को परिसर स्थित मंदिर से गर्भगृह में लेकर आए। इसके बाद श्री कुबेर जी और उद्धव जी मंदिर परिसर में पहुंचे। फिर रावल जी ने भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया और कपाट बंद कर दिए।

शीतकालीन यात्रा को और प्रोत्साहित करने पर जोर

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस यात्रा वर्ष में साढ़े 23 लाख से अधिक रिकॉर्ड श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मुखवा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारधाम शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इस बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश में शीतकालीन यात्रा को और प्रोत्साहित किया जा रहा है। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने यात्रा से जुड़े सभी विभागों, संस्थाओं और तीर्थ पुरोहित समाज का आभार जताया। उल्लेखनीय है कि 12 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू हुई थीं और 15 नवंबर तक आदि केदारेश्वर सहित विभिन्न सहवर्ती मंदिरों के कपाट बंद हो गए थे। अब मंगलवार सुबह श्री उद्धव जी, श्री कुबेर जी की देव डोलियां योग बदरी पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी। वहीं श्री गरुड़ जी और आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ जाएगी। 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी ज्योतिर्मठ में विराजमान हो जाएगी। इसी के साथ यात्रा वर्ष 2026 की बदरीनाथ यात्रा का समापन हो जाएगा और शीतकालीन गद्दीस्थलों के दर्शन शुरू होंगे।

Share This Article