
उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन एवं माननीय अध्यक्ष महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जनपद न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग श्रीमती नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा सचिव महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में आज दिनांक 16 नवम्बर 2026 को राजकीय महाविद्यालय, रुद्रप्रयाग (जवाड़ी परिसर) में *अन्तर्राष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को अन्तर्राष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रतिवर्ष 16 नवम्बर को यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, शांति, समानता एवं एक-दूसरे के विचारों, संस्कृतियों और विविधताओं के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है। सहिष्णुता एक शांतिपूर्ण एवं समरस समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
इस अवसर पर सचिव महोदया श्रीमती पायल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सहिष्णुता केवल दूसरों के विचारों को स्वीकार करना ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी सम्मान, सहयोग और भाईचारे की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने, सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य एवं समाज के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा दिनांक 14 नवम्बर से 27 नवम्बर 2026 तक संचालित ‘NALSA DAWN Fortnight Awareness Campaign for Children’ के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस अभियान का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों, विशेषकर बच्चों को आवश्यक विधिक सहायता एवं परामर्श, उपचार और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना है। इस अवसर पर बताया गया कि NALSA की DAWN Scheme के अंतर्गत नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नशे से प्रभावित बच्चों को उचित मार्गदर्शन, उपचार एवं पुनर्वास की सुविधाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि उन्हें नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की ओर प्रेरित किया जा सके।
शिविर के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, निःशुल्क विधिक सहायता, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पराविधिक स्वयंसेवकों (PLVs) द्वारा नशा मुक्ति विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, इसके व्यक्ति, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा नशे से दूर रहने के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।





