कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की ने व्यापार मंडल एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ की समन्वय बैठक

उत्तराखंड 3 Min Read
3 Min Read

## **कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की ने व्यापार मंडल एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ की समन्वय बैठक**

*हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की **श्री दीपक रामचन्द्र शेट** की अध्यक्षता में व्यापार मंडल एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्ग, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा जनसहयोग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग एवं उससे संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में लगने वाले यातायात जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों की सुविधा के लिए **दोपहिया वाहनों हेतु विशेष अनुमति पास** जारी किए जाने का अनुरोध किया।

बैठक में **पिरान कलियर क्षेत्र की नहर की सफाई** का मुद्दा भी उठाया गया, जिससे जल निकासी एवं स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके। इसके अतिरिक्त **नेहरू स्टेडियम के समीप स्थित नए पुल को कांवड़ यात्रा से पूर्व संचालित किए जाने** का अनुरोध किया गया, ताकि शहर में यातायात का दबाव कम हो तथा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सके।

- Advertisement -

स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों, जिनमें **समर्पण**, **कांवड़ सेवा दल** सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था केवल **3 से 4 घंटे के लिए श्रद्धालुओं को जल, फल, शरबत अथवा भोजन वितरण** जैसी सेवा करना चाहती है, तो ऐसे अल्पकालिक सेवा कार्यों के लिए अनुमति की अनिवार्यता न रखी जाए अथवा प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग सेवा कार्यों में सहभागिता कर सकें।

संयुक्त मजिस्ट्रेट **श्री दीपक रामचन्द्र शेट** ने सभी सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना है। इसके लिए प्रशासन सभी हितधारकों के सुझावों का स्वागत करता है तथा व्यवहारिक एवं जनहित से जुड़े सुझावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन में प्रशासन, व्यापार मंडल, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी के सहयोग एवं समन्वय से ही यात्रा का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सकता है।

बैठक में प्रमुख रूप से **श्री अरविंद कश्यप, श्री नरेश यादव, श्री धीर सिंह, श्री रामगोपाल कंसल, श्री प्रदीप गोयल, श्री अमित अग्रवाल, श्री भारत कपूर, श्री शशिकांत, श्री अरुण कोहली, श्री अंकुर मिनोचा, श्री ध्रुव गुप्ता, श्री सुमित आहूजा** सहित व्यापार मंडल एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Share This Article