विधिक सेवा प्राधिकरण ने चलाया वृहद सफाई अभियान, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को दिया स्वच्छता का संदेश

उत्तराखंड 4 Min Read
4 Min Read

*विधिक सेवा प्राधिकरण ने चलाया वृहद सफाई अभियान, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को दिया स्वच्छता का संदेश*

माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गुरुवार को चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह की अगुवाई में आयोजित इस अभियान में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय लोग और पर्यटक शामिल हुए। अभियान के दौरान क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

स्वच्छता अभियान के दौरान चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों, पैदल मार्गों तथा प्राकृतिक क्षेत्रों में कूड़ा न फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वातावरण प्रत्येक व्यक्ति के स्वस्थ एवं बेहतर जीवन के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, जहां देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में इस क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल अभियान चलाने से ही स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवहार में स्वच्छता को अपनाना होगा। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को खुले में न फेंकें।

- Advertisement -

उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी जागरूक करना है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियानों के माध्यम से आमजन में जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने कहा कि चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण यहां आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना भी चुनौती है। इसके लिए प्रशासन, स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भूमिका निभाएं और किसी भी प्रकार का कूड़ा खुले में न डालें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों और व्यवसायियों से भी अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखें तथा पर्यटकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ चोपता-तुंगनाथ न केवल क्षेत्र की सुंदरता को बढ़ाएगा, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा।

अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और अन्य लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

- Advertisement -

इस दौरान उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट ,जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनमानस उपस्थित रहे।

Share This Article