देहरादून । होटल पैराडाइज नागथात में कैट प्लान योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ऑफ-सीजन (बेमौसम) सब्जी उत्पादन, भंडारण और प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्रभागीय वनाधिकारी वन प्रभाग चकराता और मुख्य उद्यान अधिकारी देहरादून के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय किसानों को आधुनिक तकनीकों से रूबरू कराकर उनकी आय में वृद्धि करना और उन्हें कृषि के प्रति और अधिक आत्मनिर्भर बनाना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान भरसार औद्यानिक महाविद्यालय (शोध शाखा सेलाकुई, देहरादून) के प्रोफेसर डॉ. अंकित टम्टा ने किसानों को ऑफ-सीजन सब्जी उत्पादन, उनके वैज्ञानिक भंडारण और प्रसंस्करण की बारीकियों व तकनीकी जानकारियों से अवगत कराया। वहीं, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक जे.डी. वर्मा ने उच्च गुणवत्ता वाली फसल पैदावार के लिए मिट्टी की जांच के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में बताया। इसके साथ ही, रिवर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी विजय सिंह नेगी और वन दरोगा ने उपस्थित ग्रामीणों को वन विभाग से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विभागीय जानकारियों की विस्तार से जानकारी दी।
व्यावहारिक ज्ञान के लिए अमर शहीद केसरी चन्द राजकीय उद्यान (नगऊ, चकराता) के प्रभारी मोहम्मद हुसैन खान के नेतृत्व में किसानों को एक फील्ड विजिट भी कराई गई। इसके तहत किसानों ने ग्राम लाच्छा (नागथात) के उन्नतशील किसान नरेंद्र सिंह तोमर के ब्रोकली व धनिया के खेतों और सेब के सघन बागान का भ्रमण कर महत्वपूर्ण जानकारियां सीखीं। इस उत्पादक प्रशिक्षण में स्थानीय ग्राम प्रधान मीना देवी सहित बबीता देवी, गजेंद्र सिंह स्याणा, राजेश जोशी, शमशेर सिंह, रवि कुमार, शर्मीला चौहान, बरो देवी, नीलम तोमर, सविता देवी और उर्मिला देवी सहित कुल 25 किसानों, 11 अधिकारियों-कर्मचारियों और 1 प्रोफेसर ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
