उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल बिगड़ा रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं आगामी 6 अगस्त तक देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, चंपावत और नैनीताल समेत पर्वतीय जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
देहरादून के मौसम निदेशक डॉ सी.एस तोमर ने बताया कि उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखने के लिए मिलने वाली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 9 अगस्त तक कई जिलों में भारी वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि राज्य के पर्वतीय इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले मौसम की पूर्ण जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।
