Ad imageAd image

कुंभ से पहले संवाद से सुलझाएंगे अखाड़ों के विवाद: श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी

उत्तराखंड 4 Min Read
4 Min Read
कुंभ से पहले संवाद से सुलझाएंगे अखाड़ों के विवाद: श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी
13 अखाड़ों की एकता के बाद अब आंतरिक मतभेद भी होंगे दूर: म.म.स्वामी करौली शंकर
नया, बड़ा और निर्मल अखाड़े में चल रही गुटबाजी खत्म करने की कवायद तेज, संतों को एक मंच पर लाने की पहल में म.मं. स्वामी करोली शंकर निभा रहे हैं महत्वपूर्ण भूमिका
हरिद्वार। कुंभ के शंखनाद से पहले अखाड़ों के भीतर चल रही गुटबाजी को खत्म करने की पहल तेज हो गई है। 13 अखाड़ों को एक मंच पर लाने के बाद अब अखाड़ा परिषद ने अखाड़ों के आंतरिक विवादों को संवाद के जरिए सुलझाने की कवायद शुरू कर दी है। नया अखाड़ा, बड़ा अखाड़ा और निर्मल अखाड़े में अलग-अलग मुद्दों को लेकर चल रही खींचतान को खत्म करने की जिम्मेदारी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत डॉ रविंद्रपुरी महाराज और राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने संभाली है। दोनों संतों का कहना है कि कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन से पहले संत समाज का एकजुट होना बेहद जरूरी है।
मिश्री मठ पहुंचने पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी का राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने शॉल और रुद्राक्ष की माला पहनाकर किया भव्य स्वागत।
सोमवार को उत्तरी हरिद्वार स्थित मिश्री मठ में श्रीमहंत डॉ रविंद्रपुरी महाराज ने महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज से मुलाकात की। इस दौरान अखाड़ों में चल रहे आंतरिक विवादों और कुंभ की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। दोनों संतों ने माना कि अखाड़ों के बीच किसी भी तरह का मतभेद कुंभ की व्यवस्थाओं और संत समाज की एकजुटता के लिए उचित नहीं है। ऐसे में सभी पक्षों से बातचीत कर आपसी सहमति से विवादों का समाधान निकालने पर जोर दिया गया।
श्रीमहंत डॉ रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नया अखाड़ा, बड़ा अखाड़ा और निर्मल अखाड़े में लंबे समय से अलग-अलग मुद्दों को लेकर गुटबाजी की स्थिति बनी हुई है। अखाड़ा परिषद सभी पक्षों से संवाद कर विवाद समाप्त कराने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि कुंभ से पहले अखाड़ों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द स्थापित किया जाएगा, ताकि संत समाज एकजुट होकर कुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन में अपनी भूमिका निभा सके।
महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि संत समाज की एकता और अखाड़ों की गरिमा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालु और संत पहुंचेंगे। ऐसे में अखाड़ों के बीच किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह सभी 13 अखाड़े एकजुट हुए हैं, उसी तरह आंतरिक विवादों को भी बातचीत के जरिए समाप्त कर सभी संतों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
अखाड़ों की एकजुटता से मेला प्रशासन को राहत
अखाड़ों में लंबे समय से चल रही आपसी खींचतान मेला प्रशासन के लिए भी चुनौती बनी हुई थी। रविवार को दोनों अखाड़ा परिषदों के अध्यक्षों के एक मंच पर साथ नजर आने के बाद संत समाज व समूचे देश में सकारात्मक संदेश गया है। अखाड़ों के बीच समन्वय बढ़ने से मेला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और उनकी टीम पिछले करीब एक वर्ष से अखाड़ों के बीच समन्वय स्थापित करने के प्रयास में जुटी थी। अब विवादों के समाधान की दिशा में पहल तेज होने से कुंभ की तैयारियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मठ में महंत ऋषिश्वरानंद, आनंद अखाड़ा के पीठाधीश्वर महंत शंकरानन्द महाराज, मिश्री मठ के प्रबन्धक डॉक्टर उमेश सचान,वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी आदि मौजूद रहे।

Share This Article