Ad imageAd image

कांग्रेस ने निकाला “संविधान रक्षा मार्च”,कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

Politics 2 Min Read
2 Min Read

देहरादून। कांग्रेस का सरकार के खिलाफ प्रदेशभर में पखवाड़ेभर चलाया गया हस्ताक्षर अभियान आज संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित विशाल ’’संविधान रक्षा मार्च’’ के साथ सम्पन्न हुआ। इस मौके पर प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में संविधान की प्रस्तावना एवं संविधान की तख्तियां लेकर भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, जनविरोधी नीतियों तथा संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद करते हुए लोकभवन की ओर कूच किया। कार्यक्रम में पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, एआईसीसी, पीसीसी सदस्यों तथा हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।

कांग्रेस नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि जिस उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाये गये हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ-देश बचाओ अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया है, उससे निश्चित रूप से पार्टी संगठन को नई मजबूती मिली है। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ है कि कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की आम जनता का व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित संविधान बचाओ-देश बचाओ मार्च में कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार द्वारा चुनाव आयोग सहित देश की संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर सत्ता में बने रहने के प्रयासों के खिलाफ राहुल गांधी जी द्वारा लड़ी जा रही निडर और समझौताहीन लड़ाई में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा की तानाशाही और हिटलरशाही नीतियों तथा संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ राहुल गांधी जी के नेतृत्व में जनहित की हर लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा।

Share This Article