चकराता.ग्राम सभा बनियाना क्वासी में कैंट प्लान योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ‘बेमौसमी सब्जी उत्पादन, भंडारण एवं प्रसंस्करण’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफ़लतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के कई किसानों और गणमान्य व्यक्तियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना और किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य दिलाकर उनकी आय में वृद्धि करना था।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यान सचल दल केंद्र, चकराता के प्रभारी और मुख्य प्रशिक्षक श्री हुकम लाल नाथ ने किसानों को विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने बेमौसमी सब्जियों की खेती में लगने वाले विभिन्न कीट-रोगों और उनके प्रभावी नियंत्रण तथा उपचार के तरीकों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि नाबार्ड (NABARD) योजना के तहत किसान 80 प्रतिशत की भारी राजसहायता (सब्सिडी) पर पॉलीहाउस स्थापित कर सकते हैं। पॉलीहाउस के माध्यम से प्रतिकूल मौसम में भी गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उगाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
कार्यक्रम में अमर शहीद केसरी चंद राजकीय उद्यान नगऊ के प्रभारी एम. एच. खान भी उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को माननीय प्रधानमंत्री जी की महत्वाकांक्षी ‘फसल बीमा योजना’ तथा ‘फार्मर रजिस्ट्री’ की प्रक्रिया और लाभों से अवगत कराया, जिससे किसान किसी भी प्राकृतिक आपदा या नुकसान की स्थिति में अपने हितों की रक्षा कर सकें। इस अवसर पर वन बीट अधिकारी कपिल चौहान, वन दरोगा वीरेंद्र सिंह भंडारी, ग्राम प्रधान थणता वीरेंद्र सिंह, संजय चौहान, पूरण सिंह, केशर सिंह, चंदन राणा, अनिल चौहान, सबल सिंह और संजू सहित अनेक स्थानीय कृषक मौजूद रहे।
