राज्य सरकार से मिली जानकारी के अनुसार चार धाम यात्रा 2025 के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद का कंट्रोल रूम अब दिन-रात व्यस्त हो गया है। देशभर से औसतन 638 लोग रोजाना कंट्रोल रूम से संपर्क कर यात्रा से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं। अब तक करीब 17,853 लोग कंट्रोल रूम से संपर्क कर चुके हैं। अब तक कुल 17,76,058 लोगों ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है। उत्तराखंड की चार धाम यात्रा इसी माह की 30 तारीख को अक्षय तृतीया के पावन पर्व के साथ शुरू हो रही है।
यह भी पढ़े- मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सिलक्यारा टनल हुई ब्रेकथ्रू,बाबा बौखनाग मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चार धाम यात्रा को लेकर देशभर के यात्रियों में उत्साह है। देवभूमि उत्तराखंड सभी यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है। राज्य सरकार यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कृतसंकल्पित है। सभी के सहयोग से बेहतर यात्रा संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू हो चुकी है 8 अप्रैल को 961 लोगों ने तथा 7 अप्रैल को 803 लोगों ने कंट्रोल रूम से संपर्क किया। पर्यटन विकास परिषद के कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर देश के विभिन्न हिस्सों से लगातार कॉल आ रही हैं।